ईएसआई अस्पताल में निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, 83 मरीजों की हुई जांच

Spread the love

रेणुकूट। औद्योगिक क्षेत्र रेणुकूट में चाचा कॉलोनी के सामने स्थित कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय  पिपरी में निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 83 मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान नौ मरीजों में मोतियाबिंद, तीन मरीजों में ग्लूकोमा तथा दो मरीजों में डायबिटिक रेटिनोपैथी के लक्षण पाए गए। अन्य मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा दवाओं का निशुल्क वितरण किया गया। शिविर के उद्घाटन सत्र में चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दत्त त्रिपाठी ने बीमांकित मरीजों को कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने आंखों को स्वस्थ रखने के लिए नियमित नेत्र परीक्षण कराने, आंखों की साफ-सफाई रखने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी। इस दौरान उन्होंने नेत्रदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

उन्होंने उपस्थित लोगों को अपने जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नेत्रदान के माध्यम से मृत्यु के बाद भी किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। नेत्रदान से जरूरतमंद व्यक्ति को नई दृष्टि मिलने की संभावना रहती है, इसलिए लोगों को इसके प्रति जागरूक होना चाहिए।शिविर का उद्देश्य मरीजों को समय पर नेत्र संबंधी बीमारियों की पहचान, उचित परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना तथा नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *