आरसेटी के 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का समापन, प्रशिक्षार्थियों को मिले प्रमाण-पत्र
सोनभद्र। इंडियन बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सोनभद्र में संचालित 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हुआ। इस अवसर पर अपर जिला सूचना अधिकारी विनय सिंह और सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश कुमार ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए अपर जिला सूचना अधिकारी विनय सिंह ने प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का उपयोग स्वरोजगार स्थापित करने में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ब्यूटी पार्लर से संबंधित व्यावहारिक एवं व्यावसायिक कौशल का प्रशिक्षण दिया गया। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद प्रशिक्षार्थी अपना ब्यूटी पार्लर स्थापित कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। आरसेटी के ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने में सहायक साबित हो रहे हैं।
