चंदौली रंग महोत्सव में सजेगा नाट्य कुंभ, 2 से 5 जनवरी तक जुटेंगे देशभर के कलाकार

Spread the love

*28वें रंग महोत्सव में विभिन्न राज्यों की टीमें करेंगी प्रतिभाग, नाटक, गायन, फैशन शो और कला प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित*

पीडीडीयू/चंदौली। रंगमंच और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अस्मिता नाट्य संस्थान की ओर से 2 से 5 जनवरी 2027 तक 28वें चंदौली रंग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जीटी रोड स्थित अग्रवाल सेवा संस्थान में आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें अपनी सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कला और संस्कृति की विविध छटा बिखेरेंगी।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को रविनगर स्थित संस्थान के कैंप कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन को सफल बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। संस्था के संरक्षक सदानंद दुबे ने कहा कि अस्मिता नाट्य संस्थान लंबे समय से जनपद में रंगमंच को जीवंत बनाए रखने और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने का कार्य कर रहा है। संस्था ने अनेक कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं, विचारों और सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम भी है।

संस्था के सचिव विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि चंदौली रंग महोत्सव में राजस्थान, पंजाब, गुजरात, बिहार, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, असम और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। महोत्सव के दौरान नाट्य प्रस्तुतियों के साथ गायन, फैशन शो, मेहंदी और कला से संबंधित प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए पंजीकरण फॉर्म जल्द ही उपलब्ध करा दिया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 7380685138 पर संपर्क कर सकते हैं।

संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी आनंद तोदी ने कहा कि वर्तमान भौतिकतावादी परिवेश में रंगमंच और पारंपरिक कलाओं को संरक्षण एवं प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अस्मिता नाट्य संस्थान लगातार सांस्कृतिक आयोजन कर इस परंपरा को आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को भारतीय कला और संस्कृति से जोड़ने के साथ कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।

बैठक की अध्यक्षता डॉ. राजकुमार गुप्ता ने की। उन्होंने आगामी महोत्सव के आयोजन के लिए संस्थान के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ. उमाशरण, डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. आनंद श्रीवास्तव, दिनेश शर्मा, डब्लू राय, देवेश कुमार, हरिशंकर कुशवाहा, निक्की गुप्ता, संजय शर्मा, राकेश अग्रवाल, कृष्णकांत गुप्ता, विपिन अग्रहरि, चंद्र प्रकाश और मधु सिंह सहित संस्थान के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *