स्वच्छ्ता अभियान के तहत हटाए गए 200 मीट्रिक टन कागज़
4 करोड़ से अधिक रिकॉर्ड डिजिटल, पेपरलेस कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे में कार्यालयी कार्यप्रणाली को अधिक सरल, व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड डिजिटलीकरण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे, नरेश पाल सिंह ने डिजिटलीकरण कार्यक्रम की उपलब्धियों एवं इसके महत्व को प्रदर्शित करने वाली डॉक्यूमेंट्री को रिलीज़ किया। इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से रेलवे में डिजिटल कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने, अभिलेखों के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संरक्षण तथा कागजी रिकॉर्ड पर निर्भरता कम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया गया। यह पहल रेलवे की कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने और तकनीक के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उत्तर मध्य रेलवे में अब तक 4 करोड़ से अधिक रिकॉर्ड डिजिटल किए जा चुके हैं। इस दौरान उत्तर मध्य रेलवे में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत 200 मीट्रिक टन कागज़ हटाए गए। इसके अतिरिक्त, पुराने रिकॉर्ड के निस्तारण से लगभग 25,000 वर्गफीट कार्यालयी स्थान खाली कराया गया है तथा डिजिटल अभिलेखों के संरक्षण के लिए 58 टेराबाइट से अधिक स्टोरेज क्षमता विकसित की गई है। डिजिटल रिकॉर्ड से आवश्यक दस्तावेजों तक पहुंच आसान होने और उनके रखरखाव एवं खोज में लगने वाले समय की बचत होने में सहायता मिल रही है।
इस अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने डिजिटलीकरण के प्रयासों की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस प्रक्रिया को निरंतर आगे बढ़ाने तथा शेष अभिलेखों को भी चरणबद्ध तरीके से डिजिटल करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यालयी कार्यों में डिजिटल माध्यमों के अधिकाधिक उपयोग और पेपरलेस कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उत्तर मध्य रेलवे का यह प्रयास प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और पर्यावरण अनुकूल कार्यप्रणाली विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
