जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

Spread the love

शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं एवं छात्र सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर, कस्तूरबा विद्यालयों में छात्राओं की कम उपस्थिति पर डीसी को शो-कॉज नोटिस 

चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिले में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और कायाकल्प अभियान की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में निर्माण कार्यों से संबंधित टेंडर प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि पारदर्शिता एवं गुणवत्ता प्रत्येक निर्माण कार्य की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में सुधार लाया जाए और शासन की प्राथमिकताओं का पूरी जिम्मेदारी से पालन हो। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, मध्याह्न भोजन (MDM) की गुणवत्ता बनाए रखने तथा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शेष बचे मूलभूत अवस्थापना कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (KGBV) में छात्राओं की कम उपस्थिति दर्ज किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। समीक्षा के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले और अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। सुधार न होने की स्थिति में ऐसे शिक्षकों की सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू की जाए।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सख्त लहजे में कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें, अन्यथा जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार मौजूद रहे। उन्होंने समिति के समक्ष जिले में शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। ​बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *