डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0: उत्तर मध्य रेलवे 1 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित करेगा व्यापक पेंशनभोगी सेवा कार्यक्रम

Spread the love

​  प्रयागराज । पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW), भारत सरकार के तत्वावधान में उत्तर मध्य रेलवे (NCR) 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक पूरे क्षेत्र में “राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) अभियान 5.0” का आयोजन करने जा रहा है। इस महीने भर चलने वाले अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे पेंशनभोगियों का डिजिटलीकरण के माध्यम से सशक्तिकरण करना तथा जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को अत्यंत सुलभ एवं परेशानी मुक्त बनाना है। ​इस अभियान के तहत उत्तर मध्य रेलवे द्वारा पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए विभिन्न नागरिक-केंद्रित गतिविधियों और सुविधाओं का खाका तैयार किया गया है:

​ *प्रमुख गतिविधियां:* 

​स्टेशनों एवं मंडलों पर डीएलसी शिविरों का आयोजन: उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले विभिन्न स्टेशनों, रेल कारखानों और प्रमुख रेल परिसरों में समर्पित जीवन प्रमाण पत्र शिविर आयोजित किए जाएंगे।

​ *प्रयागराज में ‘मेगा शिविर’ का आयोजन:* प्रयागराज में एक भव्य ‘मेगा डीएलसी शिविर’ (Mega Camp) आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में पेंशनभोगियों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ​बैंकों एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के साथ समन्वय: पेंशनभोगियों को उनके घर के समीप या नजदीकी शाखाओं में आसानी से सुविधा प्रदान करने के लिए प्रमुख बैंकों और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के साथ मिलकर संयुक्त शिविर लगाए जाएंगे।

​ *अति-वरिष्ठ (80+ वर्ष) पेंशनभोगियों के लिए ‘होम विजिट’ सुविधा:* ऐसे पेंशनभोगी जो अत्यधिक आयु, बीमारी या शारीरिक अशक्तता के कारण शिविरों तक आने में असमर्थ हैं, उनके लिए विशेष रूप से घर पर जाकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था की जाएगी।

​ *फेस ऑथेंटिकेशन (Face Authentication) तकनीक को बढ़ावा:* स्मार्टफोन और आधार-आधारित चेहरा प्रमाणीकरण (Face Authentication Technology) के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे पेंशनभोगी अपने घर बैठे मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकें।

​ *निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, यूएमआईडी (UMID) कार्ड एवं एचआरएमएस (HRMS) सहायता:* डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने आने वाले वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनभोगियों के लिए शिविर स्थलों पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच (Medical Check-up Camps) के साथ-साथ UMID (यूनिवर्सल मेडिकल आइडेंटिफिकेशन) कार्ड बनाने एवं HRMS (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम) से जुड़ी जानकारी तथा सहायता भी प्रदान की जाएगी।

​ *सहायता डेस्क (Helpdesk) एवं शिकायत निवारण:* तकनीकी या अन्य किसी समस्या के त्वरित समाधान के लिए समर्पित सहायता डेस्क और हेल्पलाइन क्रियाशील रहेगी, ताकि किसी भी पेंशनभोगी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

​ *व्यापक जागरूकता  अभियान* : पेंशनभोगी संघों और आवासीय कल्याण समितियों (RWAs) के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही 90 वर्ष से अधिक आयु के अति-वरिष्ठ पेंशनभोगियों की प्रेरणादायक सफलता गाथाओं का डिजिटल मीडिया और पोर्टल पर प्रसार किया जाएगा। ​उत्तर मध्य रेलवे अपने सभी सम्मानित पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों से अपील करता है कि वे 1 से 30 नवंबर 2026 के बीच आयोजित होने वाले इन शिविरों तथा उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं (जैसे आधार फेस आरडी ऐप एवं जीवन प्रमाण ऐप) का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *