झज्जर। झाड़ली स्थित एपीसीपीएल पॉवर प्लांट में अरावली स्पोर्ट्स काउंसिल के तत्वावधान में आयोजित वॉलीबॉल एवं थ्रोबॉल टूर्नामेंट- 2026 का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में पुरुष वॉलीबॉल की नौ टीमों और महिला थ्रोबॉल की चार टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में एपीसीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रबीन्द्र पटेल सहित मोहम्मद निजामुद्दीन, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), संजय जैन, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं ऐश डाइक प्रबंधन), अतुल अग्रवाल, अपर महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन), उमेश कुमार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), अरुण कुमार, मुख्य वित्तीय अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, कर्मचारीगण एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबलों से पहले टीम सीईओ और टीम जीएम (ओएंडएम) के बीच विशेष मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच आयोजित किया गया, जिसने आयोजन में नया उत्साह भर दिया। इसके बाद हुए रोमांचक फाइनल मुकाबलों में पुरुष वॉलीबॉल का खिताब कूल टाइगर्स ने अपने नाम किया, जबकि महिला थ्रोबॉल में अरावली थंडर क्वीन्स विजेता बनीं। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रहार, तेज रैलियों और दमदार खेल ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कर्मचारियों के बीच आपसी सहयोग, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का प्रभावी मंच भी बना। प्रतियोगिता के माध्यम से पॉवर प्लांट ने कार्यस्थल पर स्वस्थ जीवनशैली, समावेशी सहभागिता और सकारात्मक कार्य-संस्कृति को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
