युवजन सभा की मासिक बैठक में महाराजा अग्रसेन और लोकबंधु राजनारायण को किया नमन, युवाओं को एकजुट करने का आह्वान
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी युवजन सभा की मासिक बैठक में आगामी एमएलसी चुनाव और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई गई। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान महाराजा अग्रसेन एवं लोकबंधु राजनारायण की जयंती पर उनके विचारों, संघर्षों और सामाजिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। युवजन सभा प्रभारी मो. सईद कुरैशी ने महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक न्याय, समानता व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए युवाओं से आगे आने का आह्वान किया। सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने महाराजा अग्रसेन के जीवन को सेवा, सहयोग और लोककल्याण का प्रतीक बताया। वहीं, राम भरोसे सिंह पटेल ने लोकबंधु राजनारायण के संघर्षपूर्ण राजनीतिक जीवन और समाजवादी विचारधारा पर प्रकाश डाला। महासचिव पं.कृष्णा शर्मा ‘नाटे पंडित’ ने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की। बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता, वोट चोरी की आशंकाओं तथा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की जरूरत पर भी चर्चा हुई। ‘एमएलसी चुनाव तो झांकी, असली तैयारी 2027 की’। बैठक की अध्यक्षता करते हुए युवजन सभा जिलाध्यक्ष बबलू धांगर ने कहा कि एमएलसी चुनाव तो झांकी है, असली तैयारी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की है। संगठन को मजबूत बनाने और नौजवानों को एकजुट करने के लिए अभी से संघर्ष, समर्पण और अनुशासन के साथ जनता के बीच काम करना होगा। पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि नौजवान किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव पहुंचकर जनसमस्याओं को समझने, उनके समाधान के लिए आवाज उठाने और लोगों को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। बैठक में जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव एवं पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, चौधरी जसवंत सिंह पटेल, डॉ. लोकपति सिंह पटेल, विकास जायसवाल, धर्मेंद्र यादव, नागेंद्र यादव, शैलेश धांगर, राम भरोसे सिंह पटेल, जगत पटेल, प्रमोद यादव, पाल ब्रह्म, लक्ष्मी यादव, प्रदेश सचिव युवजन सभा प्रदीप यादव, पं. कृष्ण शर्मा, रमेश यादव, रोहित विश्वकर्मा, राजेश यादव, कमलेश, बुल्लू यादव, अशोक जायसवाल, जवाहिर बिंद, धीरज मोदनवाल तथा विधानसभा स्तर के नेता राहुल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में युवजन सभा को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, युवाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और आगामी चुनावों के लिए एकजुट होकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
