दुद्धी,सोनभद्र। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को दुद्धी कस्बा स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मां भगवती के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मां के जयकारों और घंट-घड़ियालों की गूंज से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। कस्बे के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने कतारबद्ध होकर मां काली के दर्शन किए, मत्था टेका और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मां को नारियल, चुनरी और श्रृंगार सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। नवरात्रि के पहले दिन मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। धार्मिक अनुष्ठानों और मंदिर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित कराने में मुख्य पुजारी रिंकू मिश्रा और कल्याण मिश्रा सक्रिय रहे। पूजा समिति ने बताया कि इस बार नवरात्रि के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों को पहले से अधिक भव्य रूप देने की तैयारी है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दर्शन-पूजन की व्यवस्था और भक्तों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नवरात्रि के पहले दिन दुद्धी के काली मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
