जिलाधिकारी ने सर्वे कानूनगो सूबेदार सिंह को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित
सोनभद्र। शासकीय कार्यों में अनियमितता के मामले में जिलाधिकारी/ अभिलेख अधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त कार्रवाई करते हुए सर्वे कानूनगो (प्रभारी पेशकार) सूबेदार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वह कार्यालय सहायक अभिलेख अधिकारी, तहसील ओबरा में तैनात थे। बताया गया कि सूबेदार सिंह द्वारा एक व्यक्ति से पैसा लिए जाने का वीडियो सामने आया था। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की। निलंबन अवधि में सूबेदार सिंह को तहसील घोरावल से संबद्ध किया गया है। उन्हें संबद्ध कार्यालय में उपस्थित रहकर दायित्वों का निर्वहन करने तथा सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना अनुपस्थित नहीं रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी नियमानुसार मामले की जांच कर अपनी आख्या प्रस्तुत करेंगे। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
