रेणुकूट,सोनभद्र। लायंस क्लब रेणुकूट द्वारा सेवा सप्ताह का शुभारंभ 2 अक्टूबर से क्लब अध्यक्ष लायन गोपाल सिंह की अध्यक्षता एवं सेवा सप्ताह चेयरपर्सन लायन बृजेश जायसवाल के नेतृत्व में किया गया। सेवा सप्ताह के दौरान विभिन्न सेवा, स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सेवा सप्ताह के प्रथम दिवस 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए यह संदेश दिया गया कि यदि हम सभी अपने आसपास के वातावरण की स्वच्छता पर ध्यान दें, तो हमारा पर्यावरण स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बना रहेगा। द्वितीय दिवस लायंस प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के लिए दंत चिकित्सा जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। लायन डॉ. रवि त्रिपाठी द्वारा बच्चों के दांतों का परीक्षण किया गया तथा उन्हें दांतों की नियमित साफ-सफाई एवं उचित देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

तृतीय दिवस हिंडालको हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम हिंडालको सीएमओ डॉ. नीलम त्रिपाठी जी के सहयोग एवं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी लायन डॉ. राकेश रंजन के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।चतुर्थ दिवस लायंस प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के लिए नेत्र चिकित्सा जांच कार्यक्रम आयोजित किया गया। लायन डॉ. अखिलेश गुप्ता जी के नेतृत्व में बच्चों की आंखों की जांच की गई तथा उन्हें नेत्रों की देखभाल एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। पंचम दिवस राधा कृष्ण मंदिर प्रांगण में मधुमेह एवं टीबी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय लोगों को इन बीमारियों के लक्षण, बचाव एवं समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। षष्ठम दिवस क्लब के सदस्यों द्वारा अपने से कम भाग्यशाली एवं जरूरतमंद लोगों के बीच जाकर अन्न वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस सेवा कार्य के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने का प्रयास किया गया। इन सभी सेवा कार्यक्रमों की सफलता में क्लब के लायन सदस्यों की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग महत्वपूर्ण रहा। सेवा सप्ताह के विभिन्न कार्यक्रमों में लायन विष्णु मोदी, लायन सुनील अग्रवाल, लायन दिलीप दुबे, लायन प्रदीप्त मिश्रा, लायन आर.के. मिश्रा, लायन विवेक अग्रवाल, लायन मुकुश श्रीवास्तव, सचिव लायन रूपेश सिंह, कोषाध्यक्ष लायन नवीन जोशी सहित अन्य लायन सदस्यों ने अपनी उपस्थिति एवं सहभागिता से कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। लायंस क्लब रेणुकूट का उद्देश्य सेवा सप्ताह के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जन-जागरूकता का संदेश पहुंचाना तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करना रहा। सभी लायन सदस्यों के सामूहिक प्रयास से यह सेवा सप्ताह समाजसेवा की भावना को और मजबूत करने वाला रहा।
