प्रयागराज । स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल द्वारा रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 06 अक्टूबर 2026 को प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे ट्रैक के किनारे जमा कचरे और पुराने कचरा डंपिंग स्थानों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वच्छता कर्मियों द्वारा इंजीनियरिंग विभाग के साथ समन्वय कर ट्रैक के पास काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। स्टेशन यार्ड की सीमा और रेलवे ट्रैक के किनारे जमा कचरा, प्लास्टिक अपशिष्ट और स्क्रैप को हटाया गया। इन स्थानों पर लंबे समय से जमा कचरे को प्राथमिकता के आधार पर साफ किया गया।
सफाई अभियान के दौरान ट्रैक की दृश्यता और सिग्नल देखने में बाधा डालने वाली झाड़ियों तथा अनावश्यक रूप से उगी वनस्पतियों को भी हटाया गया। इससे ट्रैक के आसपास का क्षेत्र साफ और सुरक्षित हुआ। साथ ही, कचरा और झाड़ियों के कारण कीट, चूहे और सांप आदि के पनपने की संभावना को भी कम किया गया।
इसके अलावा लेवल क्रॉसिंग, गेट लॉज, केबिन और ट्रैक के किनारे स्थित रेलकर्मियों के आवासों के आसपास जमा कचरे को भी हटाया गया। अभियान के दौरान निकले कचरे को मौके पर ही अलग-अलग किया गया, ताकि इसे उचित स्थान पर भेजकर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जा सके। प्रयागराज मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान रेलवे स्टेशनों, ट्रैक और अन्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता गतिविधियां लगातार चलायी जा रही हैं। इन अभियानों का उद्देश्य रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ यात्रियों और रेलकर्मियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
