राहत व्यवस्था और पशुधन सुरक्षा पर जिलाधिकारी ने दिया जोर, विद्यालय, शौचालय और आरोग्य केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
चन्दौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को जनपद के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र विकास खण्ड नियामताबाद अंतर्गत कुण्डा खुर्द, सुल्तानीपुर, सहजौर और कैली सहित तटीय इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनका हाल जाना और प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने नदियों से हो रहे कटान पर चिंता जताई। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने एक्सियन (बंधी) से टेलीफोन पर वार्ता कर तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही उप जिलाधिकारी (पीडीडीयू नगर) को एक विशेष जांच कमेटी गठित कर कटान प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय सर्वेक्षण कराने और रोकथाम की ठोस योजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के सख्त निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि बाढ़ से पूर्व सभी तैयारियां दुरुस्त कर ली जाएं। प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा उनके चारे-पानी का समुचित प्रबंध करने के लिए भी निर्देशित किया गया। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत कुण्डा खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय, सामुदायिक शौचालय और जन आरोग्य केंद्र का भी निरीक्षण किया
प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में पठन-पाठन और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। सामुदायिक शौचालय निरीक्षण में अव्यवस्था और गंदगी मिलने पर बीडीओ नियामताबाद और केयरटेकर को कड़ी फटकार लगाई गई तथा इसे तुरंत चालू कराने का निर्देश दिया गया। जन आरोग्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान इलाज करा रही महिलाओं से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक लिया। मरीजों द्वारा डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया गया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, खण्ड विकास अधिकारी नियामताबाद समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
