सोनांचल के आदिवासियों, दलितों व मूल निवासियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं – रोशन लाल

Spread the love

सोनभद्र। कोन ब्लॉक के सलैयाडीह गांव में रविवार को करमा पूजन एवं आदिवासी-मूल निवासी एकता समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोनांचल संघर्ष वाहिनी (सोसंवा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट रोशन लाल यादव ने सरकार पर आदिवासियों, दलितों और मूल निवासियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बड़े आंदोलन का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि सोनांचल का आदिवासी, दलित और मूल निवासी बदहाली में जीवन जीने को मजबूर है। गांवों में सड़कें बदहाल हैं और स्थानीय लोगों को कल-कारखानों में रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों, दलितों और मूल निवासियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रोशन लाल यादव ने घोषणा की कि सोनांचल संघर्ष वाहिनी सोनभद्र की चारों विधानसभा सीटों पर अपने चुनाव चिह्न पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनांचल की हजारों एकड़ जल, जंगल और जमीन उद्योगपतियों को कौड़ी के भाव दे दी गई। उन्होंने क्षेत्रवासियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए लामबंद होकर सड़क पर उतरने का आह्वान किया।
उन्होंने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए इसे ‘वोट चोरी’ करार दिया और इसके विरोध की बात कही। सभा में चंद्रदेव चेरो, शंकर गोंड, बलवंत यादव, अन्नू खान, दशमी चेरो, रामदुलार गोंड, दशमी गोंड, रजवंती चेरो, सिताबी गोंड, सलमान, विकास मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहे। संचालन अमरेश यादव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *