प्रयागराज मण्डल के स्टेशनों पर यात्रियों को RailOne ऐप के प्रति किया जा रहा जागरूक

Spread the love

 डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग एवं भुगतान को बढ़ावा देने के लिए चलाया गया जागरूकता अभियान*

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के स्टेशनों पर यात्रियों को डिजिटल रेल सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, हरिमोहन के मार्गदर्शन में RailOne ऐप के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक, मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक एवं वाणिज्य कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को RailOne ऐप की उपयोगिता एवं इसके माध्यम से उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान यात्रियों को बताया गया कि RailOne ऐप के माध्यम से रेलवे की विभिन्न यात्री सेवाओं का लाभ एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आसानी से लिया जा सकता है। रेल कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने, पंजीकरण करने तथा टिकट बुकिंग सहित विभिन्न सुविधाओं के उपयोग की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

यात्रियों को रेलवे टिकट काउंटर से आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट लेते समय डिजिटल भुगतान माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। यात्रियों को UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग आदि डिजिटल भुगतान माध्यमों से भुगतान करने के लाभों के बारे में बताया गया। डिजिटल भुगतान से टिकट खरीदने की प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक एवं पारदर्शी बनती है। दिनांक 29.09.2026 को प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, झींझक मिर्ज़ापुर, विंध्याचल शकरगढ़, पनकी धाम, इटावा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, अलीगढ़ जंक्शन, स्टेशनों पर यात्रियों के एंड्रॉयड मोबाइल फोन में RailOne ऐप डाउनलोड कराया गया तथा उन्हें ऐप के माध्यम से उपलब्ध प्रमुख सुविधाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।

RailOne ऐप की प्रमुख विशेषताएं : • ट्रेन, कोच पोजीशन एवं PNR से संबंधित जानकारी। • आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों की बुकिंग एवं रद्दीकरण। • ट्रेन की रियल टाइम स्थिति एवं पूछताछ की सुविधा। • ई-कैटरिंग सेवा के माध्यम से भोजन की ऑनलाइन बुकिंग। • शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराने तथा उनकी स्थिति देखने की सुविधा। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई कि वे रेल यात्रा से संबंधित डिजिटल सुविधाओं का अधिकाधिक उपयोग करें तथा टिकट एवं अन्य सेवाओं के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक डिजिटल माध्यमों को अपनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *