सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर हादसों पर लगाएं अंकुश – एआरटीओ

Spread the love

डीएवी स्कूल में गोष्ठी आयोजित कर छात्र-छात्राओं व स्कूल वाहन चालकों को किया जागरूक 

सोनभद्र। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत गुरुवार को डीएवी स्कूल राबर्ट्सगंज में गोष्ठी आयोजित कर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कौशल कुमार सिंह और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुधा सिंह ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए उनके पालन का आह्वान किया।

गोष्ठी में एआरटीओ प्रवर्तन सुधा सिंह ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित चलने के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। वाहन चलाते समय चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी न केवल चालक बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।उन्होंने छात्र-छात्राओं से यातायात नियमों को अपने जीवन में अपनाने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बस व टैक्सी चालकों तथा परिचालकों को भी बुलाकर वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी गई।उन्हें सीट बेल्ट, वैध लाइसेंस, इमरजेंसी गेट, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र सहित वाहनों में उपलब्ध आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और उनकी अनिवार्यता के बारे में बताया गया।एआरटीओ प्रवर्तन ने चालकों को निर्देशित किया कि वाहन चलाते समय गुटखा अथवा किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन न करें। लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, यहां तक कि लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। इस मौके पर शिक्षक हरिकेश यादव, रागिनी मिश्रा, प्रदीप शुक्ला, अश्वनी सिंह, मनोज कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *