ऑपरेशन मातृ शक्ति के तहत रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता से महिला यात्री को समय पर मिली चिकित्सकीय सहायता

Spread the love

 प्रयागराज । प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों की सजगता एवं त्वरित कार्रवाई से एक महिला यात्री को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। महिला ने प्लेटफॉर्म पर ही एक बच्ची को जन्म दिया। तत्पश्चात महिला एवं नवजात बच्ची को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराकर अग्रिम उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। 29 सितंबर को प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर उपनिरीक्षक कार्तिक मिश्रा एवं उपनिरीक्षक उषा मौर्य ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने एक महिला को अस्वस्थ एवं तकलीफ में देखा। रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों द्वारा तत्काल महिला की सहायता की गई। इसी दौरान महिला ने प्लेटफॉर्म पर ही एक बच्ची को जन्म दिया।

चिकित्सकीय सहायता के लिए चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया। सूचना प्राप्त होने पर डॉ. नूपुर पांडे मौके पर पहुंचीं तथा महिला एवं नवजात बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण कर आवश्यक प्राथमिक उपचार प्रदान किया।

महिला ने अपना नाम बसंती, उम्र 28 वर्ष बताया। चिकित्सकीय परीक्षण एवं प्राथमिक उपचार के उपरांत महिला को अग्रिम उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। महिला के साथ आवश्यक सहायता एवं देखभाल के लिए उपनिरीक्षक उषा मौर्य को भी अस्पताल भेजा गया। वर्तमान में महिला एवं नवजात बच्ची दोनों सुरक्षित हैं। रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों द्वारा समय पर की गई कार्रवाई एवं चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था ‘ऑपरेशन मातृ शक्ति’ के अंतर्गत महिला यात्रियों की सुरक्षा, सहायता एवं सेवा के प्रति रेलवे सुरक्षा बल की सजगता, तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *