स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत प्रयागराज मंडल में ‘स्वच्छता से समृद्धि’ अभियान

Spread the love

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 29 सितंबर 2026 को ‘स्वच्छता से समृद्धि’ थीम पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य कचरे का बेहतर प्रबंधन करते हुए अनुपयोगी सामग्री के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना है। अभियान के तहत रेलवे परिसरों में उपलब्ध अनुपयोगी एवं पुराने सामान को उपयोगी वस्तुओं तथा कलाकृतियों में बदलने के लिए ‘कबाड़ से जुगाड़’ एवं ‘कबाड़ से कला’ जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पुराने सिग्नलिंग उपकरण, कोच के अनुपयोगी पुर्जे, धातु के कबाड़ आदि से उपयोगी वस्तुएं एवं आकर्षक कलाकृतियां तैयार कर उन्हें स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों तथा कार्यशालाओं में प्रदर्शित किया जा सकता है।

इसके साथ ही प्रमुख स्टेशनों एवं मंडल मुख्यालय पर ‘प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेले’ के माध्यम से स्टेशन वेंडरों, कैंटीन एवं अन्य अधिक कचरा उत्पन्न करने वाले प्रतिष्ठानों को अधिकृत रीसाइक्लिंग एजेंसियों से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य प्लास्टिक कचरे के उचित संग्रहण एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना है।

स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों से एकत्र किए गए प्लास्टिक कचरे को अधिकृत रीसाइक्लिंग करने वालों तक पहुंचाने की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। इससे प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। ‘स्वच्छता से समृद्धि’ अभियान के माध्यम से रेलवे द्वारा स्वच्छता के साथ-साथ कचरे को संसाधन के रूप में उपयोग करने, पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति रेलकर्मियों एवं आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *