झज्जर ।एपीसीपीएल पॉवर प्लांट में 14 से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित हिंदी पखवाड़ा-2026 का समापन समारोह प्रेरणा ऑडिटोरियम में किया गया। हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पखवाड़े के दौरान हिंदी सुलेख प्रतियोगिता, आशुभाषण, काव्य-पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन समारोह में एपीसीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रबीन्द्र पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारत सरकार के राजभाषा विभाग के पूर्व निदेशक एवं 50 से अधिक पुस्तकों के रचयिता प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. जे. प्रकाश कर्दम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न विभागों के प्रमुख, अधिकारी, कर्मचारी एवं सीआईएसएफ के जवान भी उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए रबीन्द्र पटेल ने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी प्रयोग सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हिंदी का प्रयोग केवल बातचीत तक सीमित न रहकर कार्यालयीन कार्यों, पत्राचार, ई-मेल एवं फाइलों में भी अधिक से अधिक किया जाना चाहिए। उन्होंने हिंदी साहित्य की समृद्धि और उसकी भावनात्मक गहराई का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदी के माध्यम से अपने विचारों को प्रभावी एवं सहज रूप से व्यक्त किया जा सकता है।
डॉ. जे. प्रकाश कर्दम ने अपने संबोधन में हिंदी को पूरे मन से अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन पत्राचार एवं संचार में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का प्रयोग किया जाना चाहिए तथा द्विभाषी पत्रों में हिंदी को प्राथमिकता देते हुए ऊपर और अंग्रेजी को नीचे रखा जाना चाहिए।हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने हिंदी के प्रति उनकी रुचि एवं प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। समारोह का समापन हिंदी के अधिकाधिक एवं प्रभावी प्रयोग के संकल्प के साथ हुआ।
