औरंगाबाद। बीआरबीसीएल में हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत रंगमंच प्रस्तुति का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शैडो ग्रुप द्वारा विविध रंगमंचीय प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें कविताओं का रंगमंच, कहानियों का रंगमंच एवं नाटक का रंगमंच शामिल रहा। प्रस्तुतियों ने अपनी प्रभावशाली अभिव्यक्ति और जीवंत मंचन से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ए.जे. राजकुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बीआरबीसीएल रहे। शैडो ग्रुप द्वारा प्रस्तुत इस कार्यक्रम की सभी प्रस्तुतियों का निर्देशन मनोज नायर, निर्देशक, शैडो ग्रुप ने किया। कलाकारों ने अपनी अभिनय प्रतिभा और प्रभावी मंच प्रस्तुति के माध्यम से हिंदी साहित्य की विविध विधाओं को रंगमंच पर जीवंत किया।

मुख्य अतिथि ए.जे. राजकुमार ने कलाकारों की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की। उन्होंने हिंदी पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बीआरबीसीएल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हिंदी के प्रति इस प्रकार की सक्रिय भागीदारी संस्थान में राजभाषा के प्रति सकारात्मक वातावरण को और मजबूत करती है।रंगमंच प्रस्तुति के दौरान उपस्थित दर्शकों ने कलाकारों के प्रदर्शन का उत्साहपूर्वक आनंद लिया और तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम ने हिंदी पखवाड़ा के आयोजन को रचनात्मकता, साहित्य और कला से जोड़ते हुए एक यादगार रूप प्रदान किया।
