एनटीपीसी नबीनगर ऊर्जा उत्पादन के साथ ग्रामीण विकास और सामाजिक उत्थान में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा – एल.के. बेहेरा

Spread the love

स्टेज-II के अंतर्गत 800 मेगावाट क्षमता की तीन नई इकाइयों का निर्माण कार्य तेजी से जारी – परियोजना प्रमुख

औरंगाबाद ।  नबीनगर में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में परियोजना की उपलब्धियों, विद्युत उत्पादन, स्टेज-II निर्माण कार्य एवं सामाजिक विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी मीडिया के साथ साझा की गई। कार्यक्रम में विभिन्न मीडिया संस्थानों से पहुंचे पत्रकारों का स्वागत करते हुए परियोजना प्रमुख  एल.के. बेहेरा ने कहा कि एनटीपीसी नबीनगर न केवल ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है, बल्कि ग्रामीण विकास और सामाजिक उत्थान में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।1980 मेगावाट क्षमता वाली नबीनगर सुपर थर्मल पावर परियोजना बिहार राज्य की विद्युत आपूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। परियोजना ने वर्ष 2025-26 में 12,932 मिलियन यूनिट (MU) से अधिक बिजली उत्पादन कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। बीते वित्तीय वर्ष में प्लांट का प्लांट लोड फैक्टर (PLF) 78.28% दर्ज किया गया, जो इसकी बेहतर संचालन क्षमता को दर्शाता है।

प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि स्टेज-II के अंतर्गत 800 मेगावाट क्षमता की तीन नई इकाइयों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। पिछले वर्ष माननीय प्रधानमंत्री द्वारा इसकी आधारशिला रखी गई थी। निर्माण पूर्ण होने के बाद परियोजना की कुल क्षमता बढ़कर 4360 मेगावाट हो जाएगी, जिससे यह देश के प्रमुख पावर प्लांटों में शामिल हो जाएगा। साथ ही बिहार को अतिरिक्त 1500 मेगावाट बिजली उपलब्ध हो सकेगी।

परियोजना प्रमुख  एल.के. बेहेरा ने जानकारी दी कि यूनिट चार  मार्च 2029 तक विद्युत उत्पादन प्रारंभ होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि स्टेज-II में Air Cooled Condenser System एवं अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे पानी की खपत कम होगी और थर्मल एफिशिएंसी में वृद्धि होगी।

एनटीपीसी नबीनगर अपने CSR,  एवं CD कार्यक्रमों के माध्यम से 22 से अधिक गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं एवं कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है।  बेहेरा ने कहा कि एनटीपीसी आसपास के गांवों के निवासियों को अपने परिवार का हिस्सा मानता है और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि 2 जून से एनटीपीसी नबीनगर द्वारा बालिका सशक्तिकरण अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत बारुण एवं नबीनगर प्रखंड के सरकारी विद्यालयों से चयनित 60 छात्राओं को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में गणित, अंग्रेजी, हिंदी के साथ-साथ कराटे, योग, कंप्यूटर एवं अन्य कौशल विकास गतिविधियाँ शामिल होंगी। छात्राओं के लिए छात्रावास एवं पौष्टिक आहार की भी व्यवस्था की जाएगी। वार्ता के दौरान परियोजना प्रमुख  एल.के. बेहेरा ने मीडिया के प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया और उनके सकारात्मक सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (O&M)  अनिल कुमार टी.सी., महाप्रबंधक (परियोजना)  राकेश शर्मा, महाप्रबंधक (ए.डी.एम.)  मनोरंजन पाणिग्रही सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *