सीसीएल की 40वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन

Spread the love

पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीमों एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

राँची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा आयोजित 40वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता-2026 का चार दिवसीय आयोजन सीसीएल मुख्यालय, रांची स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर स्थित संगम सभागार में भव्य एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमडी, सीसीएल  निलेंदु कुमार सिंह, उप-महानिदेशक, खान सुरक्षा निदेशालय (दक्षिण-पूर्व) डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद, उप-महानिदेशक, खान सुरक्षा निदेशालय (मध्य)  मनीष चंद्र जायसवाल, निदेशक (वित्त)  पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन)  हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन)  चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना)  अनुप हंजुरा, निदेशक खान सुरक्षा, कोडरमा प्रक्षेत्र  श्याम मिश्रा, निदेशक खान सुरक्षा, चाईबासा प्रक्षेत्र  योहाना येजरला तथा मुख्य निर्णायक एवं निदेशक खान सुरक्षा, रांची प्रक्षेत्र अजीत कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय, सीसीएल, राजेंद्र नगर, रांची के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य एवं नाटक की प्रस्तुति दी, जिसकी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सराहना की। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव), सीसीएल विनोद कुमार ने मुख्य निर्णायक, प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में निर्णायक की भूमिका निभाने वाले निर्णायकगण तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि उप-महानिदेशक, खान सुरक्षा निदेशालय (दक्षिण-पूर्व) डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद ने प्रतियोगिता में सीसीएल की विभिन्न टीमों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने खान बचाव सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के लिए नई तकनीकों को बचाव कार्यों में शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही, आगामी अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता-2026 के सफल आयोजन के लिए सीसीएल को महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सीएमडी, सीसीएल निलेंदु कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों के समर्पण, कड़ी मेहनत एवं टीम भावना की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खान बचाव कर्मियों का साहस, समर्पण एवं तत्परता खनन उद्योग की सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने आगामी अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता-2026 के भव्य एवं सफल आयोजन के लिए सीसीएल की प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।

बरका-सयाल क्षेत्र की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए Overall Champion का खिताब अपने नाम किया। टीम ने Rescue & Recovery तथा Relay Race में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आम्रपाली एवं चंद्रगुप्त क्षेत्र की टीम ने Overall में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। टीम ने Rescue & Recovery में तृतीय, जबकि First Aid Practical तथा Statutory में द्वितीय स्थान हासिल किया। अरगड़ा क्षेत्र की टीम ने Overall में तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा Online Theory Examination में द्वितीय स्थान हासिल किया। व्यक्तिगत श्रेणी में आम्रपाली एवं चंद्रगुप्त टीम के श्री नदीम रहमान आलम को Overall Best Captain तथा अरगड़ा टीम के सच्चिदानंद कुमार को Second Best Captain का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी क्रम में कुजू टीम के श्री हितेश झा को Best Member तथा बरका-सयाल टीम के श्री मनीष कुमार सिंह को Second Best Member के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों की खान बचाव टीमों ने विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक स्पर्धाओं में अपने कौशल, साहस, त्वरित निर्णय क्षमता, टीम भावना एवं बचाव कार्यों में दक्षता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता ने खान बचावकर्मियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आपदा की स्थिति में प्रभावी एवं समन्वित बचाव कार्यों के लिए उनकी तैयारियों को भी मजबूत किया। कार्यक्रम के अंत में अधीक्षक, खान बचाव केंद्र, रामगढ़ श्री अमरेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी अतिथियों, निर्णायकगण, प्रतिभागियों, आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी के साथ सीसीएल की 40वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *