एक ही परिवार से जुड़ी तीन मौतों से गांव में पसरा मातम, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव
सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के कुलडोमरी अंतर्गत बिरन बहरा टोला स्थित भुतहवा नाले के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसे में बंधी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई। बहन और बहनोई को पानी में डूबता देख उन्हें बचाने के लिए कूदा भाई भी गहरे पानी में समा गया। हादसे में तीनों की जान चली गई। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय उर्मिला, 15 वर्षीय राजू और 22 वर्षीय अनिल शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बंधी में बहन और बहनोई को डूबता देख भाई उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल सका। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
