हर घर नल जल योजना के तहत लगे नल में टोटी नहीं होने से बह रहा पेयजल, विभागीय अधिकारियों और ग्राम प्रधान की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
सोनभद्र। एक ओर सरकार हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने और जल संरक्षण के लिए अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदारों की अनदेखी से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। इसका उदाहरण राबटर््सगंज ब्लॉक के बुड़हर खुर्द गांव में देखने को मिल रहा है। गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में हर घर नल जल योजना के तहत लगाए गए नल में टोटी नहीं होने के कारण पानी की आपूर्ति होते ही लगातार बहकर बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान की उदासीनता के चलते लंबे समय से पेयजल की बर्बादी हो रही है, लेकिन अब तक इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकारी योजना के तहत लगाए गए नल से ही हजारों लीटर पानी रोजाना व्यर्थ बह रहा है। इससे सरकारी धन और पेयजल दोनों की बर्बादी हो रही है।
