ग्रासिम कॉलोनी में क्वार्टर का ताला तोड़कर लाखों का सामान चोरी

Spread the love

रेणुकूट। ग्रासिम इंडस्ट्रीज कॉलोनी परिसर में चोरों ने एक आवास का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद कॉलोनी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि जिस क्वार्टर में चोरी हुई है, उसकी रहने वाली अर्चना तिवारी करीब एक सप्ताह से घर से बाहर हैं। उनके भाई के निधन के कारण वह लखनऊ गई हुई हैं। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद क्वार्टर को निशाना बनाया।

बताया गया कि चोरों ने क्वार्टर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखा कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और चोरी की गई वस्तुओं की पूरी सूची का पता पुलिस को प्रार्थना पत्र मिलने के बाद ही चल सकेगा।

इस संबंध में पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे ने बताया कि डायल 112 पुलिस के मौके पर पहुंचने की सूचना उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि ग्रासिम की ओर से अभी तक चोरी के संबंध में थाने में कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कॉलोनी में रहने वाले लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि बंद मकानों की निगरानी और कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना जरूरी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद घटना की जांच करते हुए चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *