शंकरगढ़ में लेवल क्रॉसिंग के स्थान पर बन रहे आरओबी के निर्माण में महत्वपूर्ण प्रगति, 54 मीटर लंबे बो स्ट्रिंग गर्डर की लॉन्चिंग सफलतापूर्वक पूरी

Spread the love

 नारी बारी एवं शिवराजपुर क्षेत्र के बीच बेहतर होगी कनेक्टिविटी, बाजार क्षेत्र में जाम से मिलेगी राहत

  प्रयागराज ।  उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में रेल यातायात को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध बनाने की दिशा में एक मत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है।प्रयागराज मंडल के नैनी-मानिकपुर सेक्शन में शंकरगढ़ यार्ड के निकट लेवल क्रॉसिंग संख्या 415A के स्थान पर बनाए जा रहे रोड ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इस आरओबी के निर्माण के लिए 54.0 मीटर लंबे बो स्ट्रिंग गर्डर की असेंबलिंग एवं लॉन्चिंग का कार्य 11 अक्टूबर 2026 को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह आरओबी शंकरगढ़ क्षेत्र के नारी बारी और शिवराजपुर क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगा, जिससे स्थानीय आवागमन एवं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

यह आरओबी राज्य सरकार के साथ कॉस्ट शेयरिंग आधार पर निर्मित किया जा रहा है। रेलवे हिस्से का निर्माण उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, रोड सेफ्टी प्रोजेक्ट्स के अधीन गति शक्ति प्रयागराज यूनिट द्वारा किया जा रहा है, जबकि एप्रोच रोड के निर्माण का कार्य उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।

इस परियोजना को वर्ष 2022-23 में ₹62.67 करोड़ की कुल लागत से स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसमें रेलवे की हिस्सेदारी ₹23.60 करोड़ है। आरओबी का निर्माण पूरा होने के बाद नारीबारी और शिवराजपुर के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। वर्तमान में इन दोनों क्षेत्रों के बीच यातायात का आवागमन लेवल क्रॉसिंग संख्या 415B के माध्यम से होता है, जो बाजार क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां अक्सर भारी जाम की स्थिति बनती है। इसके कारण कई बार रेल यातायात को भी प्रभावित होकर विलंब का सामना करना पड़ता है। आरओबी को दिसंबर 2026 के अंत तक कमीशन किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूर्ण होने से नारीबारी एवं शिवराजपुर के बीच आवागमन को नई सुविधा मिलेगी और शंकरगढ़ क्षेत्र में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, सुगम यातायात एवं निर्बाध रेल परिचालन को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *