प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों एवं सेवा संकल्प अभियान के गतिविधियों की समीक्षा की
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों एवं जनपद में संचालित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिन विभागों एवं अधिकारियों को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका समय से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि गांवों में जल जीवन मिशन के माध्यम से हो रही पेयजल आपूर्ति का टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन एवं जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति का पता चल सके और ग्रामीणों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित हो।
प्रभारी मंत्री ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए। विद्यालयों में पठन-पाठन, मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं। इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अवगत कराया कि जनपद के कुछ प्राथमिक विद्यालयों में विद्यालय भवन, कक्ष आदि से संबंधित आवश्यक कार्यों के लिए जिला खनिज फाउंडेशन के माध्यम से कार्य कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है। बैठक के दौरान प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा पात्र लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रभारी मंत्री द्वारा बैठक में दिए गए सभी निर्देशों एवं दिशा-निर्देशों का संबंधित अधिकारी समयबद्ध रूप से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
