बीएसएल के शॉप्स एवं फाउंड्री विभाग में सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ

Spread the love

बोकारो। इस्पात संयंत्र के शॉप्स एवं फाउंड्री विभाग में 21 से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले सुरक्षा सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ अधिशासी निदेशक (संकार्य) द्वारा किया गया. कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने एवं सुरक्षित कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (मेंटेनेंस), मुख्य महाप्रबंधक (शॉप्स एवं फाउंड्री), महाप्रबंधक (शॉप्स एवं फाउंड्री) तथा महाप्रबंधक (एसईडी) उपस्थित रहे.

उद्घाटन अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, मानक सुरक्षित कार्य-पद्धतियों का कड़ाई से पालन करने तथा असुरक्षित कृत्यों (Unsafe Acts), असुरक्षित स्थितियों (Unsafe Conditions) और नियर-मिस (Near Misses) की समय पर रिपोर्टिंग व सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित 250 नियमित एवं संविदा कर्मियों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई. इसके अतिरिक्त वाहन सुरक्षा पर केंद्रित ‘बो-टाई’ विषयक नाटिका की प्रभावी प्रस्तुति की गई. सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन के दौरान शून्य सहिष्णुता नियम (ZTR), बो-टाई विश्लेषण, लाइन ऑफ फायर, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE), लोटो, परमिट टू वर्क (पीटीडब्ल्यू), (एमओसी), हाउसकीपिंग तथा नियर-मिस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जागरूकता सत्र, प्रतियोगिताएं, टूलबॉक्स टॉक्स, नुक्कड़ नाटक एवं स्पॉट सेफ्टी क्विज़ आयोजित किए जाएंगे. इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभागीय सुरक्षा अधिकारी, सहायक विभागीय सुरक्षा अधिकारी तथा शॉप्स एवं फाउंड्री की सुरक्षा समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा.

यह आयोजन बोकारो इस्पात संयंत्र की ‘शून्य-दुर्घटना’ लक्ष्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता तथा शॉप-फ्लोर स्तर पर प्रत्येक कर्मी के जीवन व स्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने की नीति को रेखांकित करता है. सुरक्षा प्रोटोकॉल के प्रति निरंतर जागरूकता और व्यावहारिक सतर्कता का यह अभियान कार्यबल में सुरक्षा-उन्मुख सोच को सुदृढ़ कर एक सुरक्षित, संरक्षित और उत्पादक औद्योगिक परिवेश के निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *