धनबाद। कोयला भवन मुख्यालय में आज बीसीसीएल के नव-पदस्थापित स्वतंत्र बाह्य मॉनिटर्स (Independent External Monitors–IEM) श्री आलोक कुमार एवं श्री विवेक श्रीवास्तव ने सीएमडी बीसीसीएल, मनोज कुमार अग्रवाल से औपचारिक भेंट की। इस अवसर पर दोनों विशेषज्ञों ने सीएमडी के साथ संगठन में पारदर्शिता, निष्पक्षता, सतर्कता एवं सुशासन से संबंधित विभिन्न संस्थागत विषयों पर विचार-विमर्श किया।
सीएमडी बीसीसीएल मनोज कुमार अग्रवाल ने दोनों स्वतंत्र बाह्य मॉनिटर्स का स्वागत करते हुए कहा कि उनके दीर्घ प्रशासनिक अनुभव एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन से संगठन की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं उत्तरदायी बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल सभी स्तरों पर निर्धारित नियमों, प्रक्रियाओं एवं सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप कार्य-संचालन के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से निविदा, खरीद एवं अनुबंध से संबंधित प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता, दक्षता तथा प्रक्रियात्मक शुचिता सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्र बाह्य मॉनिटर्स की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र निगरानी व्यवस्था से निविदा प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में प्रक्रियात्मक अनुपालन को और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। उनके अनुभव एवं सुझावों के माध्यम से प्रक्रियाओं में आवश्यक सुधार, सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने तथा पारदर्शिता एवं सतर्कता संबंधी मानकों को और सुदृढ़ करने के अवसर प्राप्त होंगे।
इसके उपरांत, कोयला भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आलोक कुमार एवं विवेक श्रीवास्तव ने सामग्री प्रबंधन विभाग, कॉन्ट्रैक्ट मैनेजमेंट सेल, विद्युत एवं यांत्रिकी तथा असैनिक विभाग के अधिकारियों के साथ बीसीसीएल की निविदा प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान निविदा प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधानों, प्रक्रियात्मक पहलुओं एवं अन्य संबद्ध विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों विशेषज्ञों ने अपने दीर्घ प्रशासनिक अनुभव के आधार पर उपयोगी सुझाव एवं मार्गदर्शन भी साझा किया। समीक्षा के दौरान हाल में आमंत्रित एवं संपादित की गई निविदाओं, निविदा प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, तकनीकी निविदाओं के परीक्षण, मूल्यांकन प्रक्रिया तथा निविदा प्रणाली से संबंधित अन्य तकनीकी एवं प्रक्रियागत विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता, दक्षता तथा सतर्कता संबंधी मानकों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष बल दिया गया।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल के पूर्व स्वतंत्र बाह्य मॉनिटर अरविंद कुमार कादयान एवं अमृत लुगुन का कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत आलोक कुमार एवं विवेक श्रीवास्तव ने बीसीसीएल के नए स्वतंत्र बाह्य मॉनिटर के रूप में पदभार ग्रहण किया है। दोनों भारतीय सिविल सेवा के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं तथा उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए व्यापक प्रशासनिक अनुभव अर्जित किया है। कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिकी) आर.आर. कर्ण, महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) आनंद कुमार, विभागाध्यक्ष (कॉन्ट्रैक्ट मैनेजमेंट सेल) बिक्रम कुमार, वरीय प्रबंधक (असैनिक) हिमांशु नांगल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।
