संपूर्ण समाधान दिवस में 107 शिकायतें, मौके पर 15 का हुआ निस्तारण

Spread the love

आलापुर, अम्बेडकर नगर। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील आलापुर के वसुधा सिंह सभागार में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम आलापुर धर्मेंद्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। समाधान दिवस में कुल 107 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।

एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। संबंधित अधिकारी एक सप्ताह के अंदर अपनी जांच आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के विपरीत कार्य करने या शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को भेज दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *