गणेश उत्सव पर दिशिता महिला मंडल की शानदार प्रस्तुति
अनपरा, सोनभद्र। गणेश उत्सव के पावन अवसर पर दिशिता महिला मंडल, रेनुसागर के तत्वावधान में पैराडाइज प्रेक्षागृह, रेनुसागर में भव्य एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति, उत्साह और भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि यूनिट हेड हिंडालको रेनुसागर आर पी सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि गणेश उत्सव हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का उत्सव है।भगवान श्री गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजा जाता है, इसलिए उनके प्रति हमारी श्रद्धा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा का संचार करती है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की सदस्यों एवं प्रतिभागियों ने गणेश वंदना, भक्ति गीत, नृत्य, लोकनृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-बिरंगे परिधानों में कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे प्रेक्षागृह को भक्तिमय एवं उत्सवमय वातावरण से भर दिया। कार्यक्रम के दौरान क्वीज के माध्यम से भगवान गणेश की महिमा, भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों ने कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों की तालियों की गड़गड़ाहट से सराहना की।
दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह ने कहा कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि यूनिट हेड आर पी सिंह विशिष्ट अतिथि दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह,हिन्डाल्को रेनुसागर के संचलन विभाग के हेड मनीष जैन ,सेफ्टी हेड अरविंद सिंह,सुधाकर अन्नामलाई के द्वारा प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पूरे आयोजन में दिशिता महिला मंडल की सदस्यों का उत्साह एवं सहभागिता सराहनीय रही। भक्ति, संगीत और संस्कृति के रंगों से सजा यह आयोजन उपस्थित लोगों के लिए यादगार बन गया।कार्यक्रम का सफल संचालन दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की सचिव तूलिका श्रीवास्तव एवं सुनीता यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
