कार्यक्रम का आयोजन आईकेएस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, आईआईटी बीएचयू वाराणसी द्वारा किया जा रहा है
वाराणसी। केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण आज 3 नवंबर को कर्नाटक संगीत के महान संगीतकार मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती के अवसर पर ₹250 का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। भारतीय शास्त्रीय संगीत की कर्नाटक शैली के तीन महान संगीतकारों की त्रिमूर्ति में श्री दीक्षितर का विशिष्ट स्थान है।

सिक्के का विमोचन वाराणसी स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित विशेष समारोह में किया जाएगा। “अमरा गुरुगुहा: श्री मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250 वर्ष की स्मृति में” शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन आईकेएस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी द्वारा किया जा रहा है। समारोह का उद्देश्य महान संगीतकार के जीवन, संगीत विरासत और भारतीय संस्कृति में उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करना है।
वर्ष 1775 में जन्मे श्री मुत्तुस्वामी दीक्षितर भारतीय शास्त्रीय संगीत के इतिहास में एक प्रतिष्ठित स्थान रखते हैं। वे श्री त्यागराज और श्री श्यामा शास्त्री के साथ कर्नाटक संगीत की महान त्रिमूर्ति के सदस्य थे। संगीतकार, गायक और वीणा वादक के रूप में उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से कर्नाटक संगीत को समृद्ध किया। उनकी रचनाएं संगीत की गहराई, जटिल राग संरचनाओं, संस्कृत भाषा के विद्वत्तापूर्ण प्रयोग और भक्ति भाव के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध हैं।
उनकी रचनाओं में विविध रागों का विस्तार, मंदिरों और देवी-देवताओं का वर्णन तथा भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की झलक मिलती है। उनकी अनेक रचनाओं में प्रयुक्त “गुरुगुहा” उनकी विशिष्ट संगीत पहचान है। आज भी उनकी रचनाएं कर्नाटक संगीत की महत्वपूर्ण धरोहर हैं और भारतीय संगीत, साहित्य तथा आध्यात्मिक परंपराओं के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करती हैं।
प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत, के अनुसार, यह स्मारक सिक्का भारत सरकार की मुंबई टकसाल में तैयार किया जाएगा। सिक्के का कुल वजन 35 ग्राम होगा। इसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता होगा। यह सिक्का सामान्य प्रचलन में जारी नहीं किया जाएगा। वित्त मंत्री द्वारा विमोचन के बाद इसे भारत सरकार की टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट से उपलब्धता के अनुसार खरीदा जा सकेगा।
₹250 के इस स्मारक सिक्के को जारी करने संबंधी भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की आधिकारिक राजपत्र अधिसूचना 30 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की गई थी। मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती पर जारी होने वाला यह सिक्का उनकी अद्वितीय संगीत साधना और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को समर्पित होगा। उनकी अमर रचनाएं आज भी देश-विदेश में संगीत प्रेमियों और कलाकारों को प्रेरित कर रही हैं।
