एपीसीपीएल पॉवर प्लांट में 3000 पौधों का रोपण, हरियाली बढ़ाने की पहल
झज्जर। झाड़ली स्थित एपीसीपीएल पॉवर प्लांट की पर्यावरण प्रबंधन एवं बागवानी विभाग द्वारा हरियाणा वन विभाग के सहयोग से एपीसीपीएल टाउनशिप में बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पावर प्लांट के अंदर 3000 पौधे लगाए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य आसपास के क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण को स्वच्छ और बेहतर बनाना है। कार्यक्रम में एपीसीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रबीन्द्र पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, कुलदीप वर्मा, वन क्षेत्र अधिकारी (आरएफओ), मातनहेल (हरियाणा वन विभाग) ने अभियान के सफल आयोजन और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
कार्यक्रम में मोहम्मद निजामुद्दीन, जीएम (ओएंडएम), संजय जैन, जीएम (मेंटेनेंस एवं ऐडीएम ) अतुल अग्रवाल, एजीएम (ऑपरेशंस एवं एफएम), अरुण कुमार, मुख्य वित्तीय अधिकारी, उमेश कुमार, अपर-महाप्रबंधक (मानव संसाधन), विभिन्न विभागों के प्रमुख और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रबीन्द्र पटेल ने कहा कि एपीसीपीएल के लिए यह गर्व की बात है कि वह पर्यावरण संरक्षण की ऐसी पहल का हिस्सा बन रहा है। उन्होंने कहा कि 3000 पौधों का रोपण क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ हवा की गुणवत्ता सुधारने और बिजली संयंत्र के आसपास रहने वाले लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। इस पौधरोपण अभियान की खास बात यह है कि इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय प्रजातियों के पौधे, जैसे नीम, जट्टी, जामुन, लेसूआ और बकायन लगाए जा रहे हैं। स्थानीय जलवायु और परिस्थितियों के अनुकूल होने के कारण इन पौधों के लंबे समय तक जीवित रहने की संभावना अधिक है। इससे आने वाले वर्षों में क्षेत्र की हरियाली और जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा।
लगाए गए सभी 3000 पौधों की देखभाल हरियाणा वन विभाग द्वारा अगले तीन वर्षों तक की जाएगी। विभाग पौधों के विकास और उनकी सुरक्षा पर नजर रखेगा, ताकि अधिक से अधिक पौधे स्वस्थ होकर पेड़ों का रूप ले सकें। पौधरोपण अभियान से न केवल पॉवर प्लांट और आसपास के क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी, बल्कि स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक स्वस्थ वातावरण तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
