वेकोलि में सम्पन्न हुई अंतर क्षेत्रीय सांस्कृतिक मिलन प्रतियोगिता : मुख्यालय की टीम विजेता तथा पेंच क्षेत्र की टीम रही उपविजेता

Spread the love

नागपुर / वेकोलि मुख्यालय में 2 से 4 सितंबर तक तीन दिवसीय अंतर क्षेत्रीय सांस्कृतिक मिलन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इस प्रतियोगिता में वेकोलि के सभी क्षेत्रों तथा मुख्यालय की कुल 11 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में भजन, भारतीय लोकगीत, बंजो वादन, माउथ ऑर्गन, गजल, लाइट सॉन्ग, हास्य प्रहसन, ऑर्केस्ट्रा, खयाल, ध्रुपद, ठुमरी, रविन्द्र संगीत, नजरूल गीत, सिंथेसाइजर, गिटार, ट्रमफेट, तबला वादन, बासुरी वादन, के अलावा भारतीय शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य और कव्वाली जैसी की कुल 29 विधाओं की स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिसमें में कुल 332 कर्मियों ने भाग लिया।

अंतिम दिवस 4सितंबर 2025 को इस प्रतियोगिता का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह वेकोलि मुख्यालय के सांस्कृतिक भवन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर वेकोलि के सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) बिक्रम घोष, निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) संदीप परांजपे तथा सीवीओ अजय मधुकर म्हेत्रे उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि वेकोलि अपने कर्मचारियों के व्यक्तित्व, प्रतिभा और सांस्कृतिक चेतना को अत्यंत महत्व देती है। वेकोलि में खेल, साहित्य, संगीत, नृत्य और विभिन्न कलात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की एक समृद्ध परंपरा रही है। यह परंपरा वेकोलि की कार्य संस्कृति को मानवीय और जीवंत बनाती है। उन्होंने कहा कि कला व्यक्ति के भावों को अभिव्यक्त करती है तथा उन्होंने कोयला खनन के साथ-साथ कला को भी जीवन में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी कलाकारों को अपनी शुभकामनाएँ दी।

समापन समारोह के दौरान निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन)  बिक्रम घोष ने अपने प्रस्ताविक भाषण में इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को संगीत की साधना जारी रखने और अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रोत्साहित किया। अवसर विशेष पर वेकोलि संचालन समिति की ओर से श्री आशीष मूर्ति द्वारा भी संबोधित किया गया।

प्रतियोगिता में कुल 144 प्रतिभागियों को अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत किया गया। अंतर क्षेत्रीय सांस्कृतिक मिलन प्रतियोगिता – 2026-27 में वेकोलि मुख्यालय की टीम विजेता तथा पेंच क्षेत्र की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में वेकोलि संचालन समिति तथा कल्याण मंडल के सदस्य, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष गण तथा बड़ी संख्या में कर्मियों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *