खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ पेश की खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क की मिसाल
राँची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के तत्वावधान में 3 सितंबर से 5 सितंबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आज भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों के बीच बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले देखने को मिले। तीन दिनों तक चले इस खेल आयोजन में खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट तकनीक, फुर्ती और खेल कौशल का प्रदर्शन करने के साथ-साथ अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना की शानदार मिसाल पेश की। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ श्री संजय कुमार ठाकुर, महाप्रबंधक (कल्याण), एन.के. झा, जेएसएसपीएस, आर.के. सिंह, महाप्रबंधक (NIMC) , आदिल हुसैन,प्रबंधक (खेल) तथा रामेश्वर मंडल एवं विनय कुमार, सदस्य, सीसीएल कल्याण बोर्ड ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर निदेशक(मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने खिलाड़ियों के मेहनत, जुझारूपन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि सीसीएल प्रबंधन अपने कर्मियों के सर्वांगीण विकास तथा स्वस्थ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस के पुरुष और महिला वर्ग में एकल, युगल तथा टीम स्पर्धाओं के निर्णायक एवं फाइनल मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों के बीच प्रत्येक अंक के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। शानदार रैलियों, सटीक स्मैश और बेहतरीन डिफेंस से खिलाड़ियों ने उपस्थित खेलप्रेमियों का खूब मनोरंजन किया।
फाइनल मुकाबलों के सफल समापन के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्त कर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस प्रतियोगिता की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बनने वाले सभी खिलाड़ी आगामी कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) अंतर-कंपनी खेल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर गए हैं। ये खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में सीसीएल का प्रतिनिधित्व करते हुए कंपनी का गौरव बढ़ाएंगे।
तीन दिवसीय यह खेल महोत्सव खिलाड़ियों के उत्साह, आपसी सम्मान, सौहार्दपूर्ण वातावरण और भविष्य की खेल चुनौतियों का सामना करने के दृढ़ संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जिस उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया, वह सीसीएल में स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
