जेम 2026 की 10 बालिकाओं को डीपीएस एनटीपीसी फरक्का में मिला प्रवेश

Spread the love

फरक्का, पश्चिम बंगाल | एनटीपीसी फरक्का के बालिका सशक्तीकरण अभियान (GEM) 2026 की 10 मेधावी प्रतिभागियों को दिल्ली पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी फरक्का की कक्षा 6 में प्रवेश मिला है। एनटीपीसी फरक्का उन्हें कक्षा 6 से 12 तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान करेगा, जिसमें शिक्षण शुल्क, स्कूल यूनिफॉर्म, स्टेशनरी सामग्री तथा अन्य शैक्षणिक खर्च शामिल होंगे, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक उनकी निरंतर पहुँच सुनिश्चित होगी।

GEM, एनटीपीसी की एक प्रमुख सीएसआर पहल है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं का सर्वांगीण विकास करना है। एक माह की आवासीय कार्यशाला के दौरान मुर्शिदाबाद, मालदा और साहिबगंज जिलों के 26 विद्यालयों की 124 बालिकाओं को डिजिटल साक्षरता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, जीवन कौशल, व्यक्तिगत सुरक्षा, व्यक्तित्व विकास और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही योग, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं।

कार्यशाला के बाद 30 मेधावी छात्राओं को चयनित किया गया। इनमें से 27 छात्राएँ डीपीएस एनटीपीसी फरक्का की लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार में शामिल हुईं तथा 10 छात्राओं ने चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। चयनित छात्राओं में नयनसुख एलएनएमएस हाई स्कूल की 3, इमामनगर हाई स्कूल की 2 तथा तिलडांगा हाई स्कूल, बिरनगर हाई स्कूल, धर्मडांगा हाई स्कूल, अर्जुनपुर हाई स्कूल और बैष्णबनगर हाई स्कूल की 1-1 छात्रा शामिल हैं।

25 अगस्त 2026 को छात्राओं ने  देबब्रत कर, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी फरक्का;  अभाष रंजन मोहंती, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण);  राकेश कुमार, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं प्रशासन); तथा  आलोक कुमार रणबीर, मानव संसाधन प्रमुख के साथ मानव संसाधन विभाग के कर्मचारियों की उपस्थिति में संवाद किया। उनकी उपलब्धि की सराहना तथा शैक्षणिक यात्रा के लिए प्रोत्साहन स्वरूप छात्राओं को स्कूल बैग, टिफिन बॉक्स, ज्योमेट्री बॉक्स और पानी की बोतलें प्रदान की गईं।

छात्राओं को बधाई देते हुए  देबब्रत कर ने कहा, “आप सभी ने प्रतिस्पर्धी चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए डीपीएस एनटीपीसी फरक्का की कक्षा 6 में प्रवेश प्राप्त किया है। यह एक बहुमूल्य अवसर है, जो GEM 2026 की कुछ ही प्रतिभागियों को मिल सका है। इसका पूरा लाभ उठाएँ, अपने सपनों को हमेशा सामने रखें और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करें। आप सभी को हार्दिक बधाई।” इन नए प्रवेशों के साथ डीपीएस एनटीपीसी फरक्का में अध्ययनरत GEM छात्राओं की कुल संख्या बढ़कर 26 हो गई है। इनमें पिछले दो वर्षों में प्रवेश प्राप्त करने वाली 16 छात्राएँ भी शामिल हैं। यह पहल बालिका सशक्तीकरण को दीर्घकालिक शैक्षणिक अवसरों में बदलने के प्रति एनटीपीसी फरक्का की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *