एनटीपीसी फरक्का ने दो दिवंगत संविदा कर्मियों के परिवारों को प्रदान की 10-10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता

Spread the love

फरक्का, पश्चिम बंगाल । एनटीपीसी फरक्का ने स्टेशन के कार्यों से जुड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में जान गंवाने वाले दो संविदा कर्मियों के परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान की।

देबब्रत कर, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी फरक्का ने एमजीआर परिचालन में कार्यरत स्वर्गीय गंगेश्वर मल की पत्नी सुश्री रायमोहिनी मल को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर आलोक कुमार रणबीर, मानव संसाधन प्रमुख; विनीत कुमार, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन); एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न संविदा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एनटीपीसी फरक्का ने समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के अंतर्गत सु रायमोहिनी मल को 7.5 लाख रुपये का एक अन्य चेक भी प्रदान किया।

एनटीपीसी टाउनशिप में कार्य के दौरान दिवंगत हुए संविदा कर्मी स्वर्गीय श्री वरुण मंडल के माता-पिता को भी कुल 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। उनके पिता श्री अनिल मंडल और माता श्रीमती नियति मंडल को 5-5 लाख रुपये प्रदान किए गए।

शोक संवेदना व्यक्त करते हुए देबब्रत कर, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी फरक्का ने कहा, “एनटीपीसी आवश्यकता के समय अपने लोगों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। संगठन की जिम्मेदारी केवल प्रचालन उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी गतिविधियों से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण तक भी विस्तृत है। एनटीपीसी अपने प्रचालनों से जुड़े संविदा कर्मियों सहित सभी कार्मिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है तथा आवश्यकता के समय परिवारों को संवेदनशील सहयोग प्रदान करता रहेगा।”

उन्होंने ‘घर से घर तक सुरक्षा’ सुनिश्चित करने की संगठन की प्रतिबद्धता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि कार्मिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनके काम के लिए घर से निकलने के साथ शुरू होती है और उनके सुरक्षित घर लौटने तक जारी रहती है।

आलोक कुमार रणबीर ने कहा, “एनटीपीसी में हमारे प्रत्येक कार्य के केंद्र में लोग हैं। किसी भी प्रकार की सहायता किसी प्रियजन की क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, फिर भी हमें आशा है कि यह सहयोग इस कठिन समय में परिवारों के लिए सहायक होगा। इस वित्तीय सहायता के माध्यम से हम परिवारों को सार्थक सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ संवेदना, देखभाल और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को पुनः व्यक्त करते हैं।”संविदा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस सहायता का स्वागत किया और दुःख एवं अनिश्चितता के समय प्रभावित परिवारों को सहयोग प्रदान करने के लिए एनटीपीसी फरक्का की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *