नागेपुर में जीवंत हुई काशी की लोक कला, महिलाओं ने बांधी शमा: महिला कजली महोत्सव में मेहदीगंज गाँव की महिलाओं ने बाजी मारी

Spread the love

  *कजली के माध्यम से महिलाओं ने  माँगा बराबरी का अधिकार* 

 *मिर्जामुराद (वाराणसी):  लोक समिति वाराणसी के तत्वाधान में यूनियन बैंक नागेपुर के सहयोग से प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में शनिवार को महिला कजली महोत्सव का आयोजन किया गया। महिला कजली महोत्सव में सेवापुरी ब्लॉक से मेहदीगंज गाँव  की महिलाओं ने प्रथम स्थान, दूसरे स्थान पर अफजलपुर और तीसरे स्थान पर देउरा की टीम रही। कार्यक्रम में  करीब 60 गाँवों की महिलाओं ने भारी संख्या में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।  कजली महोत्सव में महिलाओं ने पारम्परिक गीतों के साथ-साथ देश भक्ति ,मनरेगा ,शिक्षा,महिला हिंसा, मौजूदा समय में महिलाओं की स्थिति, भ्रष्टाचार जैसे सामयिक मुद्दों पर गीतों के माध्यम से  अपनी आवाज बुलंद की। 

बारिश का मौसम और लोक संगीत, यही तो काशी की सांस्कृतिक पहचान है। यहां हर महीने के लिए अलग-अलग गीत संगीत, तीज त्योहार का विधान है। हर पर्व के लिए अलग गीत और संगीत हैं, तभी तो इसे सांस्कृतिक राजधानी का दर्जा हासिल है। ऐसे में संस्कृति के संरक्षण में जुटीं लोक समिति के पहल पर नागेपुर में आयोजित हुआ कजरी महोत्सव। दिन भर चले इस कजरी महोत्सव में गांव गिरांव की महिलाओं ने बढ़-चढ कर हिस्सा लिया। अच्छी प्रतियोगिता हुई। सभी ने सधे स्वर में कजरी सुनाई जिसे सुन वहां मौजूद श्रोता मंत्र मुग्ध हो गए। प्रतियोगिता कब खत्म हो गई पता ही नहीं चला।

विजेता टीम के सभी सदस्यों को लोक समिति और यूनियन बैंक शाखा नागेपुर की तरफ से क्रमशः शील्ड, कंडाल,जग, बाल्टी तथा कार्यक्रम में भाग लेने वाली अन्य टीमों को थाली के रूप में सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में वाराणसी जिले के अलग-अलग गांवों से महिला स्वयं सहायता समूह की कुल 32 टीमों ने भाग लिया। 

मुख्य अतिथि में आये पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह पटेल, प्रधान संघ अध्यक्ष मुकेश कुमार, लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार दिया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के डी जी एम शैलेन्द्र कुमार,  एल डी एम अविनाश अग्रवाल और यूनियन बैंक आफ इण्डिया के नागेपुर के बैंक के शाखा प्रबन्धक इन्द्र मोहन ने दीप प्रज्वलन करके किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कार्यक्रम की भूरी भूरी प्रसंशा किया. यूनियन बैंक के डी जी एम शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि आज आधुनिकता के दौर में इस तरह की हमारी प्राचीन संस्कृति ख़त्म रही है। जिसे बचाना होगा। पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि लोक संस्कृति पर केंद्रित इस तरह के आयोजन से महिलाओं को समाज में अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा और हमारी संस्कृति भी मजबूत होगी।  कार्यक्रम का संचालन अनिता और आशा ने स्वागत सोनी ने और धन्यवाद ज्ञापन लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने किया। 

इस अवसर पर आराजी लाईन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेन्द्र सिंह पटेल, ग्राम प्रधान राम, जादूगर रमेश पटेल, प्रकाश मास्टर,   अनीता,सोनी, मनीषा ,विद्या,चन्द्रकला,पंचमुखी,श्यामसुन्दर , सीमा, विद्या, ग्राम प्रधान मुकेश कुमार,  मनीषा, मनजीता,चन्द्रकला, मैनम,बेबी,राजकुमारी,प्रेमा, शिवकुमार, रामबचन सुनील समेत स्वयं सहायता समूह से सैकड़ो महिलाए शामिल रहे. निर्णायक मंडल के रूप में देवनाथ,रामसहारे, रामजी  रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *