*चार गांवों में 1.20 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे महतारी सदन, महिलाओं को मिलेगा सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर*
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण के कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ये महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बनेंगे। यहां महिलाओं को एक साथ बैठकर विभिन्न गतिविधियों के संचालन, आपसी संवाद और स्वरोजगार से जुड़ी पहल को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से बनने वाले चार सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया। इन भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया। उन्होंने पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण भी किया। सड़क और पुलिया के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं गांवों के दैनिक जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
