किसी क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है जब युवाओं को शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराए जाएं – जयदीप घोष

Spread the love

एनटीपीसी बरौनी द्वारा प्रायोजित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

बेगूसराय। एनटीपीसी बरौनी द्वारा आसपास के समाज के उत्थान एवं सामुदायिक विकास के तहत युवाओं के कौशल विकास की दिशा में एक और पहल की गई है। केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं तकनीकी संस्थान (CIPET), हाजीपुर के सहयोग से आयोजित निःशुल्क आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत “मशीन ऑपरेटर – प्लास्टिक प्रोसेसिंग” ट्रेड में चयनित 23 युवाओं के प्रशिक्षण का शुभारंभ CIPET परिसर, हाजीपुर में किया गया।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख जयदीप घोष ने चयनित सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब युवाओं को शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। एनटीपीसी बरौनी द्वारा इससे पूर्व भी आसपास के गांवों की लड़कियों एवं महिलाओं के लिए सिलाई-कढ़ाई और ब्यूटीशियन जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। वर्तमान प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुल 52 अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया था, जिनमें से CIPET की विशेषज्ञ टीम द्वारा साक्षात्कार के बाद 23 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को चार माह की अवधि में कुल 600 घंटे का आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान संबंधित ट्रेड में तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान के साथ उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित किया जाएगा।

प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद CIPET द्वारा प्रतिभागियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के लिए मार्गदर्शन तथा देश के विभिन्न स्थानों पर स्थित कंपनियों में प्लेसमेंट के लिए सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना प्रमुख ने युवाओं से प्रशिक्षण के दौरान पूरी लगन एवं अनुशासन के साथ सीखने और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का आह्वान किया।

 जयदीप घोष ने कहा कि कौशल रोजगार के साथ आत्मनिर्भरता का आधार है। एक व्यक्ति की आत्मनिर्भरता उसके परिवार को सशक्त करती है और धीरे-धीरे पूरे समाज को मजबूत बनाती है। उन्होंने CIPET, हाजीपुर की टीम के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में CIPET के निदेशक एवं प्रमुख डॉ. यू. पी. सिंह सहित CIPET की टीम तथा एनटीपीसी बरौनी की ओर से डी. एस. कुमार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) और केशरी नंदन मिश्र, उप  महाप्रबंधक (सीएसआर) भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *