*मानसून के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदारों का सम्मान*
नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) द्वारा मानसून के दौरान कोयला प्रेषण, उत्पादन एवं स्टॉक प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदारों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आज, 06 अक्टूबर, 2026 को वेकोलि मुख्यालय स्थित सांस्कृतिक भवन में ‘मानसून ऑफटेक एक्सीलेंस अवॉर्ड्स-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। निदेशक तकनीकी (संचालन) संदीप परांजपे, निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) डॉ. अंजनी कुमार तथा वेकोलि संचालन समिति के सदस्य गण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि मानसून की कई चुनौतियों के बावजूद वेकोलि ने कोयला प्रेषण की गति को बनाए रखा है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 को वेकोलि के पिटहेड पर लगभग 119 लाख टन कोयला स्टॉक था। देश के बिजलीघरों की बढ़ती मांग के बीच वेकोलि ने 01 जुलाई से मानसून ऑफटेक एवं कोल स्टॉक लिक्विडेशन अभियान शुरू किया। इस अभियान का उद्देश्य कोयले को तेजी से आगे बढ़ाना और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना था।
सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि इस अभियान में रेल, सड़क, वेकोलि के कर्मचारियों और ठेकेदारों ने एकजुट होकर काम किया। मानसून ऑफटेक अभियान के 92 दिनों के परिणामों का उल्लेख करते हुए सीएमडी डॉ. पांडे ने बताया कि इस अवधि में रेल एवं सड़क के माध्यम से 165 लाख टन से अधिक कोयला प्रेषित किया गया। पिटहेड स्टॉक 119 लाख टन से घटकर 52 लाख टन से भी कम रह गया। 11 खदानों ने अपना स्टॉक लगभग शून्य कर दिया, जबकि बिजलीघरों को भेजी जाने वाली रेक की संख्या प्रतिदिन 12-15 से बढ़कर 30 तक पहुँची।
सीएमडी डॉ. पांडे ने कहा कि कोल इंडिया में भी वेकोलि का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। पहली छमाही में वेकोलि का उत्पादन लगभग 9 प्रतिशत बढ़ा और लक्ष्य पार करने वाली वह कोल इंडिया की अकेली अनुषंगी कंपनी रही। इसी प्रकार, वेकोलि का प्रेषण लगभग 22 प्रतिशत बढ़ा और लक्ष्य से अधिक प्रेषण करने वाली भी वह अकेली अनुषंगी कंपनी रही। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेता क्षेत्रों, अधिकारियों एवं ठेकेदार साथियों को बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री संदीप परांजपे एवं निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) डॉ. अंजनी कुमार ने भी अपने विचार साझा किए। वेकोलि संचालन समिति की ओर से शिव कुमार यादव ने सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr. DOM) कृष्णकांत पाटील तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr. DOM) लाहरे भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री कृष्णकांत पाटील ने सभा को संबोधित करते हुए मानसून के दौरान कोयला प्रेषण में रेलवे एवं वेकोलि के बीच बेहतर समन्वय तथा सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान मानसून की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच कोयला प्रेषण एवं स्टॉक लिक्विडेशन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वेकोलि के कर्मियों एवं क्षेत्रों को इस अवसर पर पुरस्कृत किया गया। प्रत्येक क्षेत्र से सर्वश्रेष्ठ सब-एरिया मैनेजर, सर्वश्रेष्ठ माइन मैनेजर, सर्वश्रेष्ठ डिस्पैच ऑफिसर तथा सर्वश्रेष्ठ ट्रांसपोर्ट कॉन्ट्रैक्टर का चयन कर उन्हें सम्मानित किया गया। माजरी क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक राकेश प्रसाद को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक चुना गया। चंद्रपुर क्षेत्र के एजीएम एम. एस. रेड्डी प्रथम उपविजेता तथा नागपुर क्षेत्र के एजीएम हर्षद दातार द्वितीय उपविजेता रहे। क्षेत्रों के सामूहिक प्रदर्शन के आधार पर माजरी क्षेत्र को ‘मानसून ऑफटेक चैंपियन ट्रॉफी’ प्रदान की गई। चंद्रपुर क्षेत्र को प्रथम उपविजेता तथा नागपुर क्षेत्र को द्वितीय उपविजेता की ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में चीफ मैनेजर (एचआर) के. वी. बेनाजे कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (जनसंपर्क) मिलिंद चहांदे ने किया।
