दुद्धी, सोनभद्र। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कनहर नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है। बांध की सुरक्षा और बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए इतिहास में पहली बार कनहर बांध के सभी 13 फाटकों को एक साथ खोल दिया गया है। बांध के फाटक खुलते ही पानी की विशाल और सफेद फुहारें (वॉटरफॉल) देखने के लिए आस-पास के इलाकों से हजारों लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मौके पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम न होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
दुद्धी तहसील के अमवार में स्थित कनहर सिंचाई परियोजना का बांध इस समय पूरी तरह लबालब है। कैचमेंट एरिया (जलग्रहण क्षेत्र) में लगातार भारी बारिश होने से बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ रही । बांध के ढांचे को सुरक्षित रखने और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए इंजीनियरों और प्रशासन ने जल निकासी का फैसला किया। इसके बाद पहली बार बांध के सभी 13 हाइड्रोलिक फाटकों को खोलकर प्रति सेकेंड हजारों क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।
फाटक खुलते ही बांध से निकलने वाला पानी दूधिया फुहारों और गगनभेदी गर्जना के साथ बह रहा है। इस अद्भुत और विहंगम दृश्य को देखने के लिए अमवार, दुद्धी, विंध्यनगर और सीमावर्ती राज्यों (झारखंड और छत्तीसगढ़) से भी भारी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं। लोग सेल्फी लेने और वीडियो बनाने के चक्कर में बांध के बेहद करीब और खतरनाक ढलानों पर जा रहे हैं।
कनहर बांध के खुले 13 फाटक, पानी की फुहार देखने उमड़ी भारी भीड़, सुरक्षा इंतजाम नदारद
