सोनभद्र।एनटीपीसी सिंगरौली, शक्तिनगर में 14 अप्रैल 2026 को भारतरत्न बोधिसत्व डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संदीप नायक, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक (एनटीपीसी सिंगरौली) द्वारा स्थानीय अंबेडकर भवन में डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रज्ञा नायक, अध्यक्षा (वनिता समाज) एवं वनिता समाज की अन्य वरिष्ठ सदस्याएं भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन आर. एस. राम, सचिव, अनु. जाति/ अनु. जनजाति कर्मचारी कल्याण समिति द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रातःकाल अंबेडकर भवन से शक्तिनगर टाउनशिप तक भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ अंबेडकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस प्रभात फेरी ने पूरे क्षेत्र में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल का निर्माण किया।
एनटीपीसी सिंगरौली के आवासीय परिसर स्थित डॉ अंबेडकर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बौद्ध वंदना, स्वागत गीत एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अपने संबोधन में श्री संदीप नायक ने कहा, “डॉ भीमराव अंबेडकर का योगदान न केवल भारतीय संविधान के निर्माण में था, बल्कि उन्होंने समता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को हमेशा मजबूत किया। उनके विचार और कार्य आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। बाबा साहेब ने भारतीय समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार देने का संकल्प लिया, और आज हम उनका आदर्श अपनाकर समाज में और अधिक सशक्त परिवर्तन ला सकते हैं।”
इस अवसर पर अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ अंबेडकर के आदर्शों को अपनाने एवं समाज में समता, बंधुत्व एवं न्याय की भावना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रेरणादायक विरासत को जन-जन तक पहुँचाने हेतु प्रातःकाल डॉ अंबेडकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा भव्य प्रभात फेरी का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन एनटीपीसी सिंगरौली प्रबंधन के सहयोग से अनु. जाति/ अनु. जनजाति कर्मचारी कल्याण समिति द्वारा किया गया।
इस अवसर पर एनटीपीसी सिंगरौली के सी.एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), रश्मिरंजन मोहंती, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट),सुनील कुमार मिश्रा,अपर महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग),एस. के. वर्मा, अपर महाप्रबंधक (एमजीआर), नरेश कुमार, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन),डॉ ओम प्रकाश,उप महाप्रबंधक(मा०सं० एवं राजभाषा), अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण,यूनियन एसोसिएशन के मानद प्रतिनिधिगण आदि सम्मिलित रहे।
