ट्रेन से कटकर युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Spread the love

 दर्दनाक घटना से सिरसोती गांव में पसरा मातम, परिजनों ने एनटीपीसी से नौकरी व मुआवजे की मांग की’

बीजपुर, सोनभद्र। बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती गांव में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसा गांव में एमजीआर गेट के आगे हुआ। मृतक की पहचान सिरसोती निवासी गोविंद जायसवाल पुत्र दीपक जायसवाल उर्फ राजेंद्र जायसवाल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी बुधवार सुबह होने पर परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि गोविंद जायसवाल शक्तिनगर में कार्यरत थे। मंगलवार देर रात वह सिरसोती स्थित एमजीआर गेट के आगे एनटीपीसी के लिए कोयला परिवहन करने वाली ट्रेन की चपेट में आ गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां का मंजर देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर जुट गई।
मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं। गोविंद की असमय मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार का कहना है कि गोविंद ही परिवार का प्रमुख सहारा थे। मौके पर सीआईएसएफ के जवानों के साथ एनटीपीसी के अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस ने हादसे से संबंधित जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई की।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने एनटीपीसी प्रबंधन से परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने तथा उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि परिवार की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए एनटीपीसी प्रबंधन को मानवीय आधार पर सहयोग करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *