हाजीपुर । पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह द्वारा आज 16.08.2026 को धनबाद-रखितपुर-सिंदरी टाउन रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया। इस दौरान महाप्रबंधक ने रेल संरक्षा, सिग्नलिंग व्यवस्था, रेलवे ट्रैक, रेल पुलों आदि का मुआयना किया। महाप्रबंधक ने रेल ट्रैक के बेहतर रख-रखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए संरक्षित रेल परिचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिए। इसके उपरांत महाप्रबंधक द्वारा न्यू सेल कोलियरी, तसरा तथा सिंदरी स्थित हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (HURL) का भी निरीक्षण किया गया एवं तसरा तथा HURL के अधिकारियों के साथ बैठक किया गया।
निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक महोदय द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, धनबाद में मंडल के अधिकारियों के साथ मंडल की कार्य प्रगति एवं विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की । निरीक्षण के दौरान धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र तथा मुख्यालय एवं मंडल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
