सोनभद्र। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कार्यकर्ताओं ने अटल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष यादवेंद्र दत्त द्विवेदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्र सेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक था। उनकी ओजस्वी वाणी, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रीयता की भावना सदैव देशवासियों को प्रेरणा देती रहेगी।
उन्होंने कहा कि अटल ने राजनीति में रहते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और अपने विचारों एवं कार्यों से भारतीय लोकतंत्र को नई दिशा दी। उनके आदर्श आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुरेश शुक्ला, अनूप तिवारी, सुनील सिंह, नार सिंह पटेल, कविता यादव, रीता गुप्ता, चन्द्र विजय पटेल, चंद्र प्रकाश पटेल, जय प्रकाश, सूरज प्रसाद हिंदू सहित दर्जनों भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
