हजारीबाग। एनएमएल बादम कोयला खनन परियोजना में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में परियोजना के अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीता राम माझी, एजीएम (टीएस), वाई देवाशीष, एजीएम (मानव संसाधन) सहित अन्य अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उनके त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं देश के प्रति समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला।समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए श्री वाई देवाशीष ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की प्रगति, एकता एवं समृद्धि में अपना योगदान देने तथा देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
