फार्नबरो एयरशो 2026 में भारत की ताकत दिखाएगा HAL, वैश्विक कंपनियों से रणनीतिक साझेदारी पर रहेगा फोकस

Spread the love

बेंगलुरु,। देश की अग्रणी एयरोस्पेस एवं रक्षा क्षेत्र की सार्वजनिक उपक्रम कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) 20 से 24 जुलाई 2026 तक यूनाइटेड किंगडम के हैम्पशायर स्थित फार्नबरो एयरफील्ड में आयोजित होने वाले फार्नबरो इंटरनेशनल एयरशो 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। इस दौरान HAL का प्रतिनिधिमंडल कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रवि के. के नेतृत्व में भाग लेगा।

HAL इस एयरशो में इंडिया पवेलियन की नोडल एजेंसी के रूप में भारतीय एयरोस्पेस एवं रक्षा उद्योग की बढ़ती क्षमता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा। एयरशो के दौरान कंपनी वैश्विक रक्षा एवं एयरोस्पेस कंपनियों, ग्राहकों और सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उच्च स्तरीय व्यावसायिक बैठकों तथा रणनीतिक चर्चाओं में भाग लेगी। HAL के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रवि के. ने कहा कि फार्नबरो एयरशो भारत की एयरोस्पेस क्षमताओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि HAL स्वदेशी तकनीक, सह-विकास (को-डेवलपमेंट) और वैश्विक साझेदारी के माध्यम से रक्षा उत्पादन एवं निर्यात को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की चुनौतियों के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना चाहती है।

एयरशो के दौरान HAL की योजना GE Aerospace, Eaton Aerospace, Honeywell, Safran, Martin-Baker (यूके) और MBDA जैसी अग्रणी वैश्विक कंपनियों के साथ विमान प्रणालियों, एयरो इंजन, एवियोनिक्स, मेंटेनेंस, रिपेयर एवं ओवरहॉल (MRO) तथा उच्च प्रौद्योगिकी विनिर्माण के क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर चर्चा करने की है।

HAL के स्टॉल (हॉल-4, स्टैंड संख्या 4947) पर स्वदेशी रक्षा प्लेटफॉर्मों के स्केल मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। इनमें एलसीए तेजस, प्रचंड लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर, एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर ‘रुद्र’, ध्रुव एनजी तथा लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर (LUH) शामिल हैं। पहली बार इंटरैक्टिव कियोस्क और 360 डिग्री डिजिटल विजुअलाइजेशन तकनीक के माध्यम से HAL के प्लेटफॉर्म और उनके प्रमुख घटकों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। HAL का मानना है कि फार्नबरो इंटरनेशनल एयरशो 2026 में उसकी भागीदारी भारत को वैश्विक एयरोस्पेस विनिर्माण केंद्र और विश्वसनीय रक्षा साझेदार के रूप में और अधिक मजबूत करेगी। वर्तमान में HAL का वार्षिक राजस्व लगभग 3.76 अरब अमेरिकी डॉलर तथा बाजार पूंजीकरण लगभग 31 अरब अमेरिकी डॉलर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *