नागपुर।युवा प्रतिभा नभ्य भारद्वाज ने इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स कॉम्पिटिशन (IAAC) 2026 में थर्ड प्राइज़ (जूनियर) प्राप्त कर भारत का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है। विश्वभर के 9,100 से अधिक प्रतिभागियों के बीच आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नाभ्य ने अपनी असाधारण प्रतिभा और वैज्ञानिक समझ का परिचय दिया। ब्रह्मांडीय घटनाओं, खगोल भौतिकी तथा विश्लेषणात्मक क्षमता की कठिन परीक्षा लेने वाली इस प्रतियोगिता के तीनों चरण सफलतापूर्वक पार करते हुए उन्होंने गोल्ड ऑनर अर्जित किया, जो केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रदान किया जाता है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ नाभ्य ने संयुक्त राज्य अमेरिका, इटली, रोमानिया, इंडोनेशिया और डेनमार्क के विजेताओं के साथ वैश्विक विजेताओं की विशिष्ट सूची में स्थान बनाया। वे इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले एकमात्र भारतीय छात्र हैं। नाभ्य, एनटीपीसी लिमिटेड के कर्मचारी एवं एनटीपीसी मौदा में उप महाप्रबंधक (पी एंड एस) के पद पर कार्यरत श्री शैलेन्द्र भारद्वाज के सुपुत्र हैं।
कक्षा 10 के छात्र नाभ्य ने कम आयु में ही अपनी अद्भुत उपलब्धि से अपने परिवार, डीपीएस कामठी रोड विद्यालय तथा संपूर्ण एनटीपीसी परिवार को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। नाभ्य का चयन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पीएम-युवा 3.0 मेंटरशिप योजना के अंतर्गत, जिसे नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) द्वारा संचालित किया जाता है, भारत के सबसे कम आयु के लेखकों में भी हुआ है
