किसान ने जिला कृषि अधिकारी को पत्र देकर की शिकायत
अहरौरा, मिर्जापुर। क्षेत्र के सोनपुर गांव निवासी एक किसान का दर्द सुनने में अजीब सा लग रहा है की सात बीघे धान के फसल की क्षतिपूर्ति फसल बीमा योजना के तहत 169 रुपए 84 पैसे मात्र मिली हो जब की किसान ने 3588 रुपए 21 पैसे धान के फसल की बीमा राशि अदा किया है।
इतनी कम क्षतिपूर्ति मिलने से नाराज किसान ने जिला कृषि अधिकारी को पत्र लिखकर प्रकरण की जांच कराने और नियमानुसार क्षतिपूर्ति देने की मांग किया है।
मामला क्षेत्र के सोनपुर सहकारी समिति से संबंधित सोनपुर गांव के किसान लक्ष्मी नारायण पांडेय का है।
किसान ने बताया की फसल बीमा योजना के तहत सोनपुर सहकारी समिति से उनके सात बीघे धान खरीफ के फसल का बीमा हुआ था जिसका बीमा धनराशि भी उन्होंने 3588 रुपए 21 पैसे जमा किया इसके बाद हुई अत्यधिक बरसात और खेत में पानी लगने से पूरे धान की फसल नष्ट हो गई यही नहीं गांव के कई लोगों की फसल नष्ट हुई थी।
जिसकी शिकायत किसान द्वारा विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए निर्धारित फोन नंबरों पर किया गया।
इसके बाद 22 फरवरी 2026 को किसान लक्ष्मी नारायण पांडेय उम्र लगभग 70 वर्ष को जिला मुख्यालय बुलाया गया था। इसके बाद किसान के खाते में मात्र 169 रुपए 84 पैसे फसल बीमा का लाभ प्राप्त हुआ।
किसान का कहना है की फसल बीमा के प्राप्त धनराशि से अधिक उसका जिला मुख्यालय जाने पर किराया लग गया।
किसान ने बताया की फसल बीमा की धनराशि मानक के अनुसार न मिलने के कारण वह कर्ज के बोझ में दब गया है और उसका मानसिक तथा शारीरिक उत्पीड़न हो रहा है।
